सर्द हवा से तापमान में गिरावट, नहीं हो रही अलाव की व्यवस्था


बरेली:- फतेहगंज पश्चिमी। ठंड में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि वर्ष 2020 से एक ओर जहां पारे में गिरावट आयेगी। वहीं दूसरी ओर घने कोहरे के आसार बढ़ जाएंगे। सोमवार को पारा 10 डिग्री सैल्सियस के करीब पहुंच गया। लोग घर में रहकर भी कनकनी का सामना करते रहे। ऐसे में बुजुर्ग व बच्चे अलाव का सहारा लेना शुरू कर दिये हैं। सोमवार को सर्द हवा इस कदर चली की लोगों ने घर से निकलना मुनासिब नहीं समझा। लोग जरूरत से अधिक गर्म कपड़े का इस्तेमाल सर्दी से बचने के लिए कर रहे हैं। बाइक से सफर करने से लोग परहेज कर रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार सर्द पछुआ हवा से सिहरन चरम पर है। पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। हालांकि, धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत मिल रही है। लेकिन पूरे दिन रह रह कर बहने वाली ठंडी हवा के कारण शीतलहर के प्रकोप में कोई कमी नहीं हुई है। सर्द पछुआ हवा चलने से जनजीवन ठहर सा गया है। शीतलहर के कहर का असर जानवरों पर भी देखने को मिल रहा है। ठंड को लेकर बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है। कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रशासन की ओर से फतेहगंज पश्चिमी कस्बा एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। कनकनी बढ़ने से आम जनजीवन त्रस्त है। गरीब परिवार जिनके पास गर्म कपड़ों का अभाव है उनकी परेशानी चरम पर है। अब तक प्रशासन द्वारा चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। जिससे लोगों को ठंड में ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है। रैन बसेरा के कर्मचारी से पूंछा तो उसने कहा कि हमसे अलाव लगाने को नही कहा है। जब कहेंगे तो अलाव लगा देंगे। इस संबंध मे उप जिलाधिकारी मीरगंज राजेश चंद्र से बात की तो बताया की नगर पंचायत व क्षेत्र के सभी कानूनगो को आदेश कर दिया है कि अलाव लगाएं जाये लेकिन अगर नहीं लगे हैं तो स्वयं चेक करूंगा।।


बरेली ब्यूरो:-कपिल यादव