कोरिया: जलसंवर्धन में ग्राम पंचायत पोड़ी को मिलेगा मनरेगा का राष्ट्रीय पुरस्कार, दिल्ली में पुरस्कार लेंगी ग्राम पंचायत की सरपंच


जिले की पोड़ी ग्राम पंचायत को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना मनरेगा के तहत उत्कृष्ट जलसंवर्धन कार्य करने के लिए आगामी 19 दिसम्बर को राष्ट्रीय पुरस्कार दिया जाएगा। 


जिले के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर है जब किसी ग्राम पंचायत के द्वारा जलसंरक्षण सह आजीविका के लिए कराए गए कार्य विशेष को राष्ट्रीय स्तर का पुरूस्कार प्राप्त होगा। 


कोरिया:- कोरिया जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि पोंड़ी ग्राम पंचायत में महिलाओं के सशक्तीकरण के साथ आजीविका के लिए हुआ महात्मा गांधी नरेगा कार्य राष्ट्र स्तर पर अपनी उपयोगिता साबित कर रहा है। जिले में कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत कई उत्कृष्ट कार्य निरंतर किए जा रहे हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर भी लगातार सराहना मिल रही है।


पुरूस्कार के लिए चयनित ग्राम पंचायत व कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए जिला पंचायत CEO ने बताया कि जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत पोंड़ी ग्राम पंचायत में मत्स्य बीज सम्वर्धन पोखरों का निर्माण कार्य गत वर्ष स्वीकृत किया गया था ताकि सभी मत्स्य पालकों को आसानी से मत्स्य बीज की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।


विदित हो कि सोनहत जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत पोड़ी के ग्राम अमहर में जलसंसाधन विभाग के एक बड़े तालाब पर स्थानीय मनरेगा श्रमिकों के द्वारा महिला स्व सहायता समूह की मदद से मत्स्य पालन कार्य किया जा रहा था। उन्हें बीज लाने के बैकुंठपुर तक सफर करना पड़ता था। जिससे समय और लागत दोनो का उन्हे नुकसान हो रहा था। उनकी मांग पर मत्स्य पालन विभाग की तकनीकी अनुशंसा पर मत्स्य बीज सम्वर्धन के लिए 4 डबरी निर्माण स्वीकृत किया गया। 


मत्स्य विभाग द्वारा मनरेगा श्रमिकों को बीज उत्पादन की तकनीकी जानकारी देकर प्रशिक्षित किया गया। इससे उन्हें न्यूनतम लागत पर मत्स्य बीज मिलने लगा। इस कार्य के पूरा होने के बाद ग्राम पंचायत में कार्य कर रहे मछुआ सहकारी समिति के सदस्यों को तालाब में मछली पालन से सालभर में 7 लाख रूपयों की आमदनी हुई। यह कार्य पूरे देश स्तर पर सराहा गया है। 


ग्रामीण विकास मंत्रालय के केंद्रीय दल द्वारा गत माह इस कार्य का जमीनी आंकलन कर महिला समूह से बात कर जानकारी ली थी। सीईओ तूलिका ने बताया कि महात्मा गांधी नरेगा अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों से जलसवर्धन एवं जलसंरक्षण के लिए बेहतरीन कार्य करने वाले 2 पंचायत को प्रतिवर्ष यह पुरस्कार दिया जाता है।


भारत सरकार ग्रामीण विकास मंत्रालय नई दिल्ली के द्वारा 19 दिसम्बर 2019 को नई दिल्ली में ग्राम पंचायत की सरपंच और कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा को संयुक्त रूप से महात्मा गांधी नरेगा में वर्ष 2018-19 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए इस राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा जाएगा।


छत्तीसगढ़ ब्यूरो:- संजय गुप्ता