रायबरेली: निगमीकरण के विरोध में आरेडिका गेट पर शुरू हुआ दो दिवसीय अनवरत विरोध प्रदर्शन


रायबरेली:- आधुनिक रेलडिब्बा कारखाना लालगंज गेट पर निगमीकरण रद्द करने की मांग को लेकर दो दिवसीय विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया गया हैं। कर्मचारियों के कड़े विरोध के चलते शनिवार को कारखाने आने के लिए प्रस्तावित रेलवे बोर्ड सदस्य का आगमन भी रद्द किया गया। प्रदर्शन के पहले दिन सोमवार को कांग्रेसी नेताओं का जमावड़ा रहा। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू ने भाजपा पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि तमाम उद्योग धंधों को बेचने का काम कर रही है। रेलवे ही नही अन्य उद्योग धंधो को बेचकर रोजगार समाप्त करने का काम किया जा रहा है। सांसद श्रीमती सोनिया गांधी ने ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में आरेडिका की स्थापना कराई थी ताकि रोजगार के अवसर उत्पन्न हो सकें और लोगों को रोजगार मिल सके लेकिन भाजपा इस कारखाने का निगमीकरण कर उसे भी निजी हांथो में सौंपना चाहती है जिसे कांग्रेस कतई बर्दाश्त नही करेगी। कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता आरेडिका कर्मचारियों के साथ है ओर हर स्तर पर निगमीकरण का विरोध करते हुए उनकी लड़ाई में साथ देगा। राजकिशोर सिंह बघेल ने कहा कि किसानों ने सरकार को सरकारी कारखाना बनाने के लिए कम मुआवजे पर जमीने दी थी। लेकिन सरकार ने कारखाने का निगमीकरण किया तो उसे बढ़ाकर दुबारा मुआवजा देना होगा नही तो किसान कारखाना गेट पर तालाबंदी करने व कोर्ट जाने से पीछे नही हटेंगे। कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता इसके खिलाफ लड़ाई में कर्मचारियों के साथ है। कारखाने का निगमीकरण नही होने दिया जाएगा। इस मौके पर संयुक्त संघर्ष समिति के नेता नैब सिंह, रितुराज शुक्ला, मनोज साहू, रूकमेश मीना, देवनाथ निर्मल राजेंद्र सहोता, सुशील गुप्ता आदि ने भी मौजूद लोगों को सम्बोधित किया।



रायबरेली ब्यूरो:- अभिषेक बाजपेई