कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में लगाई आस्था की डुबकी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को पुलिस रही तैनात


बरेली:- फतेहगंज पश्चिमी में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को भोर में भोलापुर रामगंगा तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोगों ने भक्तिभाव से भोलापुर गंगा में डुबुकी लगाई और तट पर पूजा अर्चना की। इस दौरान घाट पर पुलिस की टीम तैनात रही। भोलापुर गंगा मेले में इस साल पहले जैसी रौनक नहीं दिखी। मेले में शुरू से ही लोगों का आनाजाना कम ही रहा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार की रात से ही लोगों का गंगा तट पर पहुंचना शुरू हो गया। भोर में शुभ मुहूर्त में स्नान शुरू हुआ। लोगों ने रामगंगा में श्रद्धापूर्वक स्नान किया और तट पर पूजा अर्चना की। हालांकि लोगों को प्रशासन के इंतजाम से काफी शिकायत रही। उनका कहना था कि मेले से गंगा घाट तक जाने के रास्ते में कई जगह अंधेरा रहा जिससे भोर में काफी दिक्कत हुई। भोलापुर गंगा घाट पर आसपास के गांवों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन गंगा में स्नान करने से पूरे साल के गंगा स्नान का फल प्राप्त होता है। इसलिए लोग इस दिन नदी में स्नान जरूर करते है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान विष्णु का मत्स्यावतार हुआ था। इसलिए इस दिन भगवान विष्णु की पूजा होती है। भगवान शिव ने आज के ही दिन त्रिपुरासुर का वध किया था। इस वजह से कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुर पूर्णिमा भी कहा जाता है। यह मोक्ष प्राप्ति कराने वाली पूर्णिमा भी कहा जाता है।


बरेली ब्यूरो:- कपिल यादव