भाजपा की नीतियों के विरूद्ध कांग्रेस ने बांटे पर्चे


रायबरेली:- लालगंज में भाजपा ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था लेकिन विकास केवल भाजपा का हुआ है और किसी का नही। यह बात पूर्व विधायक अशोक सिंह ने तहसील परिसर में पर्चा वितरण कार्यक्रम के दौरान कही। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के वादे भाजपा ने किए थे लेकिन रोजगार देना तो दूर रोजगार समाप्त करने का काम किया जा रहा है। जिससे तेजी के साथ बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। सरकारी नौकरियां समाप्त कर ठेकेदारी प्रथा लागू की जा रही है। जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि गन्ना किसानों की हालत खराब है। इस साल आई बाढ़ से लाखों किसान प्रभावित हुए हैं। चीनी मिलों पर गन्ना मूल्य बकाया है। खाद, कीटनाशक दवाओं आदि पर जीएसटी बढ़ा दी है। डीजल के रोजाना बढ़ रहे दामों से किसान परेशान है। ब्लाक अध्यक्ष महेश प्रसाद शर्मा ने कहा कि बुंदेलखंड लगातार सूखे की मार झेल रहा है लेकिन सरकार को इसकी कतई चिंता नही है। भाजपा सरकार में जीडीपी गिर रही है। मेहुल चौकसी, विजय माल्या, नीरव मोदी को आर्थिक अपराधी बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार इनका बचाव कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की लगातार बिगड़ती अर्थव्यवस्था से चिंतित है। इसको लेकर 15 नवंबर से देश व्यापी धरना प्रदर्शन, नुक्कड़ सभाएं व गोष्ठी आयोजित की जाएंगी।कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र मिश्रा, अनूप वाजपेई, सुंदरलाल निर्मल, अनूप चौधरी, मनोज तिवारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।


रिपोर्टर:- अभिषेक बाजपेई