पूर्व सभासद का भाई कटवा रहा था प्रतिबंधित पशु, भाजपा नेताओं ने किया हंगामा


बरेली:- बानखाना में पूर्व सभासद नदीम का भाई मोहसिन प्रतिबंधित पशु कटवा रहा था। इस पर भाजपा नेताओं ने वहां जमकर हंगामा किया। दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मीट के सैंपल लिए गये हैं।मौके से प्रतिबंधित पशु की खाल बरामद की गई है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। शहर के जगतपुर सैलानी, कांकरटोला, बानखाना, पुराने शहर के अलावा किला, सीबीगंज के कई इलाकों में प्रतिबंधित पशु काटी जाती है। आधी रात को प्रतिबंधित पशु काटने के बाद सुबह सात बजे से पहले मीट कारोबारी मीट सप्लाई कर देते हैं। गुरुवार सुबह सूचना मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के साथ पार्टी के पदाधिकारी बानखाना में पहुंच गये। उन्होंने पूर्व पार्षद नदीम के भाई मोहसिन की दुकान पर प्रतिबंधित पशु के मीट को पकड़ लिया।मामले की सूचना प्रेमनगर इंस्पेक्टर बलबीर सिंह को दी गई। इसके बाद इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को मौके पर बुलाया।पशु चिकित्सा अधिकारी की टीम ने मीट के सैंपल लिये हैं। कार्रवाई के दौरान भाजपा नेता आदेश प्रताप सिंह और मोहसिन की पुलिस के सामने ही नोकझोंक और कहासुनी हो गई। जिससे वहां सांप्रदायिक तनाव और बवाल बढ़ गया। प्रेमनगर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।


होंडा सिटी पकड़ी महीने भर बाद भी नहीं पकड़े तस्कर
जगतपुर और सैलानी में पशु तस्करों ने प्रतिबंधित पशु को उठाया।इसके बाद सैलानी में प्रतिबंधित पशु काटने वाले तस्कर तमंचा तानते हुये मौके से फरार हो गए थे। हल्ला मचने के बाद पुलिस ने चौथे दिन होंडा सिटी बरामद कर ली। गाड़ी को पेंट किया जा रहा था।थाने में गाड़ी पकड़ में आने के बाद भी अभी तक तस्करों को नहीं पकड़ा गया है। इससे तस्करों और पुलिस की सांठगांठ जाहिर है।जिसकी वजह से कार्रवाई नहीं हो रही है और पशु तस्करों के हौसले बुलंद हैं।


रिपोर्टर:- कपिल यादव