धूमधाम से मनाई गई गांधी एवं शास्त्री की जयंती


इटावा/जसवंतनगर:- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। सरकारी व अर्द्ध सरकारी भवनों व शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। तहसील में उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह ने कहा कि हमें उनके विचारों से सीख लेनी चाहिए। हम सब मिलकर देश मे स्वच्छता फैलाये व श्रमदान करें। 


नगर पालिका में पालिकाध्यक्ष सुनील कुमार जौली ने झंडारोहण किया। इसके बाद कार्यक्रम सयोंजक व नपा अधिशासी अधिकारी रामेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में हिंदू विद्यालय स्कूल प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद के सहयोग से स्कूली बच्चों ने नगर को स्वच्छ रखने व स्वच्छ रहने और प्रतिबंध पॉलिथीन न प्रयोग करने की शपथ लेकर जागरूकता का संदेश हेतु नगर भ्रमण को रैली निकाली  जिसका शुभारंभ उपजिलाधिकारी नम्रता सिंह ने किया। इससे पहले एसडीएम ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी की तस्वीरों पर माल्यार्पण कर पुण्य आत्माओं को श्रद्धांजलि दी एवं छात्र छात्राओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर महान आत्माओं को स्मरण किया। प्रधानाचार्य राजेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि यह विडम्बना है कि गांधी जी को नोबेल पुरस्कार नहीं मिल सका लेकिन उनकी विचारधारा पर चलते हुए अन्य कई लोग को इस सम्मान से नवाजा गया है। पालिकाध्यक्ष जौली ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनकी असमय मृत्यु से हुई राष्ट्रीय क्षति की ओर इशारा किया जो भारत का स्वरूप बदल सकता था। सभी छात्र छात्राओं एवं अध्यापक, अध्यापिकाओं ने मिलकर रामधुन गायन में भाग लिया, जिसने सम्पूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक रस में सराबोर कर दिया।


चौ. सुघर सिंह इंटर व डिग्री कालेज में संस्था निदेशक व ब्लाक प्रमुख अनुज मोंटी यादव के नेतृत्व में गांधी जयंती व लाल बहादुर शास्त्री की जयंती और स्वच्छ भारत मिशन का आयोजन किया गया। एसपीएस इंटर व शिवपाल सिंह महाविद्यालय में विश्वनाथ प्रताप सिंह सोनू यादव ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने कविता, गीत व भाषण की प्रस्तुति दी। इसके बाद नपा द्वारा नगर क्षेत्र में स्वच्छता श्रमदान व वृक्षारोपण किया।


रिपोर्टर:- सुबोध पाठक