अच्छी ख़बर :- सालों पुरानी पेयजल की मांग पूरी, 1 करोड़ 72 लाख की धनराशि स्वीकृत


उत्तरकाशी:- नगर पालिका परिषद बड़कोट क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही पेयजल की समस्या अब जल्दी ही दूर हो जाएगी और नगरवासियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति हेतु पम्पिंग योजना के लिए शासन से एक करोड़ 72 लाख की धनराशि स्वीकृत हो गयी है। जिसकी जानकारी अधीक्षण अभियंता उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम द्वारा समाज सेवी डा.कपिल देव रावत को पत्र के माध्यम से अवगत कराई गई है।


बड़कोट नगर क्षेत्र में पेयजल की सप्लाई वर्षों पुरानी जिस पेयजल लाइन तथा प्राकृतिक स्रोत से की जा रही है, उससे नगर क्षेत्र में बीते कई सालों से लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति नहीं हो पा रही है।


बड़कोट निवासी समाजसेवी डा़ कपिल देव रावत ने यमुनोत्री प्रेस क्लब में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा पेयजल समस्या को देखते हुए बीते तीन सालों से नगर क्षेत्र के लिए पम्पिंग पेयजल योजना की मांग को लेकर लगातार प्रयास करते आ रहे हैं। साथ ही देवभूमि डायलॉग कार्यक्रम में भी पेयजल पंपिंग योजना की इस मांग को मुख्यमंत्री के सामने रखा था तथा तत्कालीन पेयजल मंत्री से इस सम्बंध में कई बार मुलाकात की। परिणामस्वरूप आज पम्पिंग पेयजल योजना के लिए एक करोड़ 72 लाख 22 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गयी है। इसके लिए भूमि की रजिस्ट्री भी हो गयी है तथा निगम द्वारा सर्वेक्षण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब पम्पिंग पेयजल योजना पर आगे का कार्य शुरू होना है। उन्होंने कहा है कि बड़कोट नगर पालिका यमुनाघाटी क्षेत्र का सबसे बड़ा नगर है तथा चारधाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव होने के साथ ही तहसील मुख्यालय भी है। जहां बड़ी संख्या में लोगों का दबाव रहता है तथा वर्तमान में नगर की संख्या भी 20 हजार से अधिक है। यहां वर्तमान में 12 सौ से अधिक पेयजल कनेक्शन हैं। जिस कारण लोगों को आये दिन पीने के पानी के लिए जूझना पड़ रहा है। यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को भी यहां पेयजल समस्या से जूझना पड़ता था। लेकिन अब स्थानीय लोगों के साथ साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले देश विदेश के तीर्थयात्रियों को भी पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बड़कोट में पंपिंग पेयजल योजना के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर नगर क्षेत्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री एवं शासन-प्रशासन व विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। इस मौके पर कपिल देव रावत, रामेन्द्र रावत, प्रदीप जयाड़ा, विपिन चौहान आदि उपस्थित रहे।


रिपोर्टर:- अंकित गुप्ता