मस्जिद में धमकी भरा लेटर, देखे लेटर


बागपत:- उत्तर प्रदेश के बागपत जिले की एक मस्ज़िद में मिले धमकी भरे एक पत्र से जिला प्रशासन में पूरी तरह से हड़कम्प मचा हुआ है।  मस्जिद में फेंके गए इस पत्र में मौलाना से कहा गया है कि अगर भारत में रहना है तो मस्जिदों और मदरसों में जय श्रीराम व वंदे मातरम् के नारे लगाने होंगे। अगर ऐसा नहीं करते तो वह पाकिस्तान चले जाएं। पत्र मिलने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



दरअसल मामला बड़ौत कोतवाली क्षेत्र की मोती मस्जिद का है। यहां शहर इमाम आरिफ़-उल-हक़ के नाम एक पत्र मस्जिद में डाला गया। जिसमें सभी मौलानाओ से कहा गया है कि सभी मौलाना अपनी मस्जिदों और मदरसों में जय श्रीराम के नारे व वंदे मातरम् के नारे लगवाएं और अगर कोई इन नारों को नहीं लगाना चाहता तो उसे भारत मे रहने को अधिकार नहीं है।



चिट्ठी लिखने वाले शख्स ने साफ लिखा है कि अगर भारत में रहना है तो जय श्रीराम और वन्दे मातरम् कहना होगा। जो ऐसा नहीं करता है वो पाकिस्तान चला जाये और वहीं जाकर रहे। पुलिस ने भी पूरे मामले को गम्भीरता से लिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।


रिपोर्टर:- विवेक कौशिक