शाहजहांपुर: छाया रहा कोहरा, हाईवे पर रेंगते दिखे वाहन


शाहजहांपुर:- शनिवार को शाहजहांपुर में घना कोहरा छाया रहा। करीब 11 बजे के बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए, लेकिन धुंध तब भी खत्म नहीं हुई। मौसम वैज्ञानिक ने बताया है कि आगे के 3 दिनों तक सुबह घना कोहरा छाया रहेगा। गन्ना शोध परिषद के मौसम विज्ञानी डॉ मनमोहन सिंह ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि सुबह-शाम कोहरा छाया रह सकता है। बताया कि 22 दिसंबर को सुबह कोहरा रहेगा, अधिकतम तापमान 22 रहेगा, लेकिन न्यूनतम तापमान 8 डिग्री पर आ सकता है। डॉ मनमोहन सिंह ने बताया कि 29 दिसंबर की रात सबसे ठंडी होगी, क्योंकि उस दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक जा सकता है। अधिकतम तापमान 23 डिग्री रहने की संभावना रहेगी। शनिवार को सुबह कोहरा छाने के कारण हाईवे पर वाहन रेंगते हुए दिखाई पड़े। आमतौर पर सुबह चहल पहल भी कम ही दिखी। इसके बाद भी अभी तक नगर निगम में कहीं भी अलाव जलाने की व्यवस्था नहीं की है, न ही प्रशासन ने अभी तक कंबल बंटवाए हैं, जबकि दावा किया जा रहा है कि 13 हजार कंबलों का ऑर्डर किया जा चुका है।



शाहजहाँपुर ब्यूरो:- उदित शर्मा