उत्तराखण्ड: पति निकला पत्नी का हत्यारा, अवैध संबंधों के शक में कराई थी हत्या, ऐसे पकडा गया


 


देहरादून:- देहरादून में 29 अगस्त रात्रि में बु​टीक चलाने वाली महिला की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने दावा किया है कि हत्या महिला के पति ने ही भाढे के बदमाशों से कराई थी। यही नहीं हत्या का शक पति पर ना हो, इसलिए उसने खुद के पेट में भी गोली लगवा दी थी। लेकिन, पति ने एक गलती ऐसी कर दी, जिससे उसका पूरा प्लान चौपट हो गया। फिलहाल पति अस्पताल में भर्ती है और उसे वहीं पुलिस उसकी निगरानी रख रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी पति को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था और इसी के चलते उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची थी।


पुलिस के मुताबिक कामना रोहिल्ला नेहरू कॉलोनी के माता मंदिर रोड की हत्या गोली मारकर कर दी गई थी। वहीं कामना के पति अशोक रोहिल्ल के पेट में गोली लगी थी। अशोक ने इस मामले में अपने एक रिश्तेदार रिंकू और दो अन्य लोगों को आरोपी बनाया था। अशोक का आरोप था कि रिंकू अपने दो साथियों के साथ हेलमेट पहन कर कमरे में घुसा और गोलियां बरसाकर हत्या कर दी।


ऐसे हुआ खुलासा 
पुलिस​ को शुरू से ही अशोक की कहानी पर शक था। इस बीच पुलिस ने मेरठ निवासी दो भाईयों दीपक शर्मा और गौरव शर्मा को गिरफ्तार किया। दोनों ने पूछताछ में बताया कि अशोक ने ही उन्हें हत्या करने के लिए दो लाख रुपए दिए थे। यही नहीं उन्होंने ये भी खुलासा किया कि रिंकू की हत्या उन्होंने 2018 में अशोक के कहने पर कर दी थी और शव को राजस्थान के जंगलों में फेंक दिया था। पुलिस ने बताया कि रिंकू का भी आपराधिक इतिहास था और अशोक ये बात जानता था। इसलिए उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस ने फिलहाल अस्पताल में भर्ती अशोक रोहिल्ल को पुलिस निगरानी में रखा हुआ है। उसकी तबीयत ठीक होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


रिपोर्टर:- अंकित गुप्ता